वक़्त अपने बही-खाते खोल कर फुर्सत वसूले
इस तरह या उस तरह से ज़िन्दगी कीमत वसूले
आसमां,धरती,बगीचे,हवा,पानी का किराया
आदमी से सांस लेने की रकम कुदरत वसूले
आपको जनतंत्र में दो जून की रोटी मिलेगी
मगर बदले में सियासत आपकी अस्मत वसूले
दुश्मनी तो दुश्मनी थी,क्या था हासिल दोस्ती का
जिल्लतें,शिकवे-गिले,रुसवाइयाँ ,तोहमत वसूले
शौक से हम बाँट लेंगे आप सबका अनमनापन
कोई हमसे भी हमारी कुछ बुरी आदत वसूले
आइये हम फूंक दे ये कान में बच्चों के अपने
आदमी जो चाह ले तकदीर से किस्मत वसूले